DNC: ‘इस्राइल का हमेशा समर्थन करेंगे, लेकिन…’, राष्ट्रपति पद का नामांकन स्वीकार करने के बाद बोलीं कमला हैरिस

हैरिस ने कहा कि ‘भारत से बतौर अप्रवासी अमेरिका आने वाली उनकी मां ने कभी भी गुस्सा नहीं किया चाहे उन्हें कितनी भी परेशानियों का सामना करना पड़ा हो।’ कमला हैरिस ने कहा कि ‘उन्होंने हमें सिखाया कि कभी भी अन्याय के बारे में शिकायत मत करो बल्कि उसे खत्म करने के लिए कुछ करो।’
डेमोक्रेटिन नेशनल कन्वेंशन के आखिरी दिन कमला हैरिस ने पार्टी की तरफ से राष्ट्रपति पद का नामांकन स्वीकार किया। इस दौरान अपने संबोधन में कमला हैरिस ने कई मुद्दों पर बात की और अपनी भविष्य की नीतियों का जिक्र किया। साथ ही उन्होंने डोनाल्ड ट्रंप पर भी जमकर निशाना साधा।
इस्राइल और गाजा युद्ध पर क्या बोलीं कमला हैरिस
अपने संबोधन के दौरान कमला हैरिस ने कहा कि वह बतौर राष्ट्रपति अमेरिका के सहयोगी देश इस्राइल की हमेशा सुरक्षा करेंगी। साथ ही कमला हैरिस ने गाजा युद्ध को खत्म करने की भी मांग की। कमला हैरिस ने कहा कि अब समय आ गया है कि बंधकों की रिहाई के लिए युद्धविराम समझौता किया जाए। कमला हैरिस ने यूक्रेन का भी समर्थन किया और कहा कि वह नाटो सदस्यों और यूक्रेन को समर्थन देना जारी रखेंगी। 
अपनी भारतीय मूल की मां को किया याद
संबोधन के दौरान कमला हैरिस ने अपनी भारतीय मूल की मां श्यामला को याद किया। हैरिस ने कहा कि ‘भारत से बतौर अप्रवासी अमेरिका आने वाली उनकी मां ने कभी भी गुस्सा नहीं किया चाहे उन्हें कितनी भी परेशानियों का सामना करना पड़ा हो।’ कमला हैरिस ने कहा कि ‘उन्होंने हमें सिखाया कि कभी भी अन्याय के बारे में शिकायत मत करो बल्कि उसे खत्म करने के लिए कुछ करो। साथ ही उन्होंने सिखाया कि कुछ भी अधूरे मन से मत करो।’ कमला हैरिस ने कहा कि वह सभी अमेरिकियों की राष्ट्रपति होंगी। उनका राष्ट्रपति पद के लिए नामांकन आगे बढ़ने का रास्ता है और देश को भी अब आगे बढ़ना चाहिए, किसी पार्टी या गुट के सदस्य के रूप में नहीं बल्कि एक अमेरिकी के रूप में। 
डोनाल्ड ट्रंप को लेकर देशवासियों को किया आगाह
कमला हैरिस ने अपने संबोधन में अपने प्रतिद्वंदी डोनाल्ड ट्रंप पर भी जमकर हमला बोला और देशवासियों को आगाह किया। कमला हैरिस ने कहा कि डोनाल्ड ट्रंप बिल्कुल भी गंभीर व्यक्ति नहीं हैं। उनके राष्ट्रपति कार्यकाल के दौरान देश में अराजकता का माहौल था, लेकिन पिछले चुनाव के दौरान जो हुआ, वह बेहद बुरा था। कमला हैरिस ने आरोप लगाया कि ट्रंप ने लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाया और जब उनके कोई भी प्रयास काम नहीं आए तो उन्होंने कैपिटल में सशस्त्र लोगों की भीड़ को भेज दिया। 
मध्यम वर्ग पर रहेगा फोकस
कमला हैरिस ने कहा कि वह बतौर राष्ट्रपति अमेरिका के मध्यम वर्ग के लिए काम करेंगी। उन्होंने कहा कि ‘मध्यम वर्ग का निर्माण करना मेरे राष्ट्रपति कार्यकाल का फोकस होगा। मैं खुद मध्यम वर्ग से आती हूं।’ अपने संबोधन में कमला हैरिस ने वादा किया कि उनकी सरकार लोगों को मतदान के अधिकार की रक्षा करेगी। कमला हैरिस ने कहा कि ये चुनाव हमारे लिए अवसर है कि हम जॉन लेविस वोटिंग अधिकार कानून और फ्रीडम टू वोटिंग कानून को पारित कराएं। 
अपने संबोधन के अंत में कमला हैरिस ने कहा कि ‘एक अमेरिकी होने पर उन्हें गर्व है और यह दुनिया में सबसे बड़ा विशेषाधिकार है। आइए, इसके लिए लड़ते हैं।’
				



